लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के अमवा टिकर रोड स्थित पिंटू रुई दुकान में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी रुई समेत करीब ढाई लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान संचालक पिंटू रुई के अनुसार, बगल में स्थित प्रकाश फर्नीचर की दुकान में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी कथित रूप से उनकी रुई की दुकान में जा गिरी, जिससे रुई ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तत्परता से मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका। दुकान संचालक ने घटना में हुए भारी नुकसान को लेकर प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।