लातेहार। जिले के मनिका प्रखंड में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर भीम आर्मी (भारत एकता मिशन), लातेहार ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. संगठन ने इसे ले कर जिला मुख्यालय में मंगलवार को माको डाकबंगला से समाहरणालय तक आक्रोश रैली निकाली. रैली के बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष जनजीवन राम ने अपने ज्ञापन में कहा गया है कि मनिका प्रखंड में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से पूरे बहुजन समाज एवं आम नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं. घटना को लगभग एक महीना बीत जाने के बावजूद अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने और प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर स्थिति गंभीर बनी हुई है. ज्ञापन में कहा गया है कि दोषियों के खुलेआम घूमने से आम लोगों में रोष एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है. संगठन ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है. भीम आर्मी ने अपनी प्रमुख मांगों में दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, उनकी पहचान कर अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी है. इसके अलावा क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई एवं सम्मानजनक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा शीघ्र स्थापित करने, प्रतिमा स्थल की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है.