लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग व जल शक्ति मंत्रालय द्वारा निर्धारित पेयजल स्रोतों की दीर्घकालीन स्थिरता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई. उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय जल जीवन मिशन द्वारा डीएसएस विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से संभावित जल जोखिमों से प्रभावित पेयजल स्रोतों की पहचान की जा सकेगी. उक्त कार्य में जिला तकनीकी इकाई द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा विभिन्न एजेंसियों द्वारा तैयार डाटाबेस का उपयोग कर संबंधित विभागों से आवश्यक आंकड़े एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में जल जीवन मिशन की योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं रखरखाव पर भी विशेष चर्चा की गई. बैठक में जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न मदों में लंबित योजनाओं की समीक्षा करते हुए शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत चिन्हित योजनाओं में बोर/अन्य आवश्यक कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होने कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग को केचमेंट/चेकडैम से संबंधित कार्यों के समन्वय हेतु आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया. बैठक में कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल दीपक महतो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई विभाग किशुन मिंज एवं संबंधित पदाधिकारी तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.