लातेहार। सदर प्रखंड के नावागढ़ से नारायणपुर जाने वाली सड़क में अवस्थित एक पुलिया को कतिपय लोगों के द्वारा बंद कर दिये जाने के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है और यह कभी भी हिंसक रूप ले सकता है. बताया जाता है कि पुलिया के पाइप को मिट्टी-मोरम से बंद कर दिये जाने के कारण पानी का निकास नहीं हो पा रहा है. विगत कई दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण पानी लोगों के घरों में घुस रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दिनों गांव के ही दो लोगों के द्वारा पुलिया को बंद कर दिया गया है. उनका कहना है कि पुलिया के पास उनकी जमीन है और वे अपनी जमीन से पानी का बहाव नहीं होने देगें. तब से यहां तनाव है. पिछले हफ्ते ग्रामीणों ने पुलिस को भी इसकी शिकायत की थी. पुलिस मौक पर पहुंच कर दोनो पक्षों की बात सुनी. पुलिस ने पुलिया बंद करने वाले पक्ष को पुलिया का रास्ता खोल देने का आदेश दिया था, लेकिन उन लोगों के द्वारा बंद पुलिया को नहीं खोला गया. इस कारण अब बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा है. घरों में पानी घुसने के कारण लोगों का घरों में रहना दूभर हो गया है. घर का सामान क्षतिग्रस्त हो रहा है. यहां तक कि लोग खाना भी नहीं बना पा रहे हैं. कुल मिला कर ग्रामीण तनाव हैं. उन्होने इस समस्या का हल निकालने की अपील प्रखंड व जिला प्रशासन से की है.