latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
IMG-20260829-WA0019
झारखंडमहुआडांड़

सड़क हादसे में युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर रांची-महुआडांड़ मुख्य मार्ग जाम

जाम से राहगीर परेशान, पुलिस ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने के प्रयास में जुटी

महुआडांड़/नेतरहाट(लातेहार)। नेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोकिपोखर के समीप रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई.  मृतक की पहचान ग्राम सिरसी निवासी राजमोहन किसान पिता सोमा किसान के रूप में हुई है.  घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सोमवार को करीब 11 बजे रांची-महुआडांड़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों के अनुसार, रविवार देर शाम राजमोहन किसान किसी कार्य से जा रहा था,  इसी दौरान जोकिपोखर के समीप एक ट्रक ने उसे धक्का मार दिया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण एवं परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजमोहन को इलाज के लिए गुमला ले जाने लगे.बताया गया कि गुमला ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया.  घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने सोमवार को करीब 11 बजे रांची से महुआडांड़ जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों की मांग है कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाले राजमोहन किसान के परिजनों को उचित मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए. सड़क जाम की सूचना मिलते ही नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.  उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया तथा जाम हटवाकर यातायात बहाल कराने में जुटे हुए हैं.  समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण मुआवजे की मांग पर सड़क पर डटे हुए थे. सड़क जाम के कारण रांची-महुआडांड़ मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है. दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों, पर्यटक,वाहन चालकों एवं राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.  पुलिस प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से वार्ता कर जल्द से जल्द जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है.

 

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button