लातेहार।बरसात के मौसम को देखते हुएसशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), लातेहार की 32वीं वाहिनी के द्वारा रविवार को सदर प्रखंड के उदयपुरा ग्राम के धुमकुड़िया भवन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में तहत क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद किसानों के बीच छाता, रेन सूट एवं रेन कोट जैसी बरसात में उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया. मौके पर वाहिनी के कमांडेंट राजेश सिंह, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी लातेहार अशोक कुमार पासवान व मुखिया सुनीता देवी समेंत अन्य पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे. मौके पर कमांडेंट श्री सिंह न कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा नक्सलवाद एवं वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत गरीब, जरूरतमंद एवं पिछड़े वर्ग के नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक तथा शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम चलाया जाता है. इसके अंतर्गत ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण, कौशल विकास कार्यक्रम, मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर तथा आवश्यक एवं उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया जाता है. इसी क्रम में प्राप्त निर्देश के अनुसार 32वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, लातेहार को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा किए गए इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की. ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के मौसम में वितरित की गई सामग्री उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी.