बालूमाथ (लातेहार)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की ओर से सोमवार को बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत विशुनपुर प्राथमिक विद्यालय में खेल प्रतियोगिता का आयोजन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ साथ छात्र एवं छात्राओं के बीच खेल सामग्री का विवरण किया गया. एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड एनएमएल की उत्तरी धाधू (पूर्वी भाग) कोयला खनन परियोजना के द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को एनएमएल की ओर से पुरस्कृत भी किया गया. एनएमएल के द्वारा इस अवसर पर खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय में छात्र एवं छात्राओं के बीच खेल सामग्री भी वितरित की गई. उपस्थित छात्र एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) के उप महाप्रबंधक प्रतीक कुमार सिन्हा ने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार ने राष्ट्रीय खेल दिवस का थीम खेलेगा भारत, जीतेगा भारत रखा है. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में मेजर ध्यानचंद ने हॉकी के क्षेत्र में देश का लोहा मनवाया है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से भी खेल प्रतिभाएं निकल कर राष्ट्रीय फलक पर यहां का नाम रौशन करें. यही हमारी चाहत है. मौके पर एनएमएल के एक्जिक्यूटिव आईसीडी सीएसआर ज्योति स्मिता गोगोई, रोशनी खोब्रागडे, फील्ड स्टाफ अजित उरांव, अजित उरांव, प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर के प्रधानाध्यापक और शिक्षक समेत छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे.