लातेहार। मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए आजसू पार्टी के लातेहार जिला उपाध्यक्ष चंचल कुमार सिंह ने गंभीर रूप से बीमार मरीज के लिए रक्तदान किया. उन्होंने गारू निवासी कामेश्वर सिंह के लिए लातेहार सदर अस्पताल `ब्लड बैंक ‘ पहुंचकर रक्तदान किया. कामेश्वर सिंह पिछले कई दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और लातेहार सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. चिकित्सकों ने उनके इलाज के लिए रक्त की आवश्यकता बताई थी. लेकिन बल्ड बैंक में रक्त की आवश्यकता पूरी नहीं होने पर उनकी परेशानी काफी बढ़ गई थी. रक्त की जरूरत होने के बावजूद परिजनों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा था, जिससे उनकी चिंता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही थी. इसकी जानकारी आजसू जिला उपाध्यक्ष चंचल कुमार सिंह को मिली, उन्होंने तत्काल पहल करते हुए अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया. उनके इस मानवीय प्रयास से मरीज के परिजनों को काफी राहत मिली. रक्तदान के बाद चंचल कुमार सिंह ने कहा कि यह उनका चौथा रक्तदान है. उन्होने कहा कि रक्तदान एक महादान है. जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए स्वस्थ लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए. आजसू जिला अध्यक्ष अमीत कुमार पांडेय ने उनके इस नेक कार्य की सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया.