लातेहार। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर राहुल गांधी पर प्राथमिकी दर्ज करने के विरोध एवं उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से सोमवार को प्रदर्शन किया. समाहरणालय गेट के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया. इस दौरान मनुस्मृति की प्रति भी जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया. जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि (मनिका) हरिशंकर यादव ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दुर्भावना से प्रेरित होकर प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार विपक्ष को दबाने और विभिन्न मुद्दों पर आवाज उठाने से रोकने का प्रयास कर रही है. उन्होंने उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना को निंदनीय बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की. युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव ने मनुस्मृति की प्रति जलाते हुए कहा कि देश में दलितों और आदिवासियों के साथ धर्म एवं जाति के आधार पर भेदभाव की घटनाएं चिंताजनक हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मनुस्मृति की विचारधारा को बढ़ावा देना चाहती है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है. मौके पर सुरेंद्र भारती, बृंद बिहारी यादव, विश्वनाथ पासवान, प्रिंस गुप्ता, दरोगी यादव, साजन कुमार, अख्तर हुसैन, फुलचंद यादव, वाजिद अंसारी, हसमद अंसारी, अफरोज अंसारी, मोती उरांव, मनोज पासवान, ज्योति प्रकाश दुबे, अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.