लातेहार। जिले के मनिका थाना क्षेत्र के पटना गांव में सोमवार की रात वज्रपात की चपेट में आने से 30 वर्षीय अजय उरांव की मौत हो गई.घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. जानकारी के अनुसार, अजय उरांव लातेहार थाना क्षेत्र के नेवाड़ी (कैमा ) गांव का रहने वाला था. वह अपनी पत्नी के साथ मनिका थाना क्षेत्र के पटना गांव स्थित अपने ससुराल आया हुआ था. सोमवार की रात करीब आठ से नौ बजे के बीच वह शौच के लिए घर से बाहर निकला था. इसी दौरान बारिश के बीच वह एक पेड़ के नीचे बैठ गया. अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू की. मंगलवार को सदर अस्पताल, लातेहार में शव का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के दो मासूम बच्चे हैं. अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.