लातेहार। पिछले दो वर्षों से बंद सिकनी कोलियरी को खुलवाने की मांग को ले कर झारखंड खनिज मजदूर संघ, सिकनी के तत्वावधान में सिकनी कोलियरी परिसर में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया.
अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सतेंद्र यादव ने की. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मजदूर नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार डे ने कहा कि झारखंड राज्य खनिज विकास निगम (जेेेएसएमडीसी) के पदाधिकारियों के लापरवाही व निक्कमेपन के कारण सिकनी कोलियरी बंद है. पिछले दो वर्षों से कोलियरी बंद रहने के कारण इस कोलियरी पर आधारित मजदूर बेरोजगार हो गये हैं. कोयला परिवहन करने वाले ट्रक ऑनर की ट्रकें घरों में खड़ी हो गयी हैै.कई ऑनर ने तो कर्ज आदि ले कर ट्रक इस भरोसे मे खरीदा था, कि सिकनी कोलियरी में कोयला परिवहन कर जीविकोपार्जन करेगें, लेकिन कोलियरी बंद होने से वे ट्रक का किस्त भी नहीं चुका पा रहे हैं.
कोलियरी बंद होने से ट्रक चालक, गैरेज, होटल व स्थानीय लोगों की भी रोजगार मारी गयी है. लेकिन इससे निगम के अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ता है. उन्हें तो लाखों रूपये वेतन हर माह मिल रहे है, इसलिए क्षेत्र की जनता की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है. श्री डे ने कहा कि जब तक सिकनी कोलियरी नहीं खुलेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. अध्यक्ष सतेंद्र यादव ने भी आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी. उन्होने कहा कि सिकनी कोलियरी क्षेत्र की लाइफ लाइन हैै और इससे हजारों लोगों का जीवनयापन होता है. सरकार को अब तक अरबों रूपये का नुकसान हो चुका है. धरना में लाल रणविजय नाथ शाहदेव समेंत सैकड़ों मजदूर व स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे. धरना में लोगो ने जेएसएमडीसी के खिलाफ जम कर नारेबाजी की.