लातेहार
जिला कांग्रेस कार्यालय में याद किये गये महात्मा गांधी व शास्त्री

लातेहार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को लातेहार कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित यादव ने की. इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को याद किया. अपने संबोधन में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी. जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया. दोनों महान नेताओं के विचार और आदर्श आज भी समाज एवं देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, प्रदेश कांग्रेस आमंत्रित सदस्य गुंजर उरांव, महिला जिला अध्यक्ष अनीता देवी, जिला सचिव वाजिद अंसारी एवं साजिद अंसारी, जिला कार्यालय प्रभारी फूलचंद यादव, ज्योति प्रकाश दुबे, प्रखंड अध्यक्ष मोती उरांव, प्रखंड सचिव दानिश आलम, सेवादल प्रखंड अध्यक्ष अफरोज आलम, विनोद उरांव, सविंदर उरांव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.



