बरवाडीह (लातेहार)। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन में भाग लेने के लिए मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था आगामी 30 अक्टूबर को सुबह आठ बजे लातेहार से सड़क मार्ग के जरिए राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होगा. दिल्ली रवाना होने से पहले यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इस दौरान कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक नगरी आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार भी कराया जाएगा. इसके बाद सभी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इस यात्रा को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. विधायक रामचंद्र सिंह के नेतृत्व में लातेहार जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और मताधिकार की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस आंदोलन में उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण होगी. वहीं विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इसकी निष्पक्षता तथा पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की रक्षा और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है. ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन के माध्यम से पार्टी जनता की आवाज बुलंद करेगी. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. विधायक के नेतृत्व में दिल्ली जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आंदोलन को लेकर उत्साह है. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि दिल्ली में उनकी भागीदारी से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को और मजबूती मिलेगी.