लातेहार। झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज तिवारी ने आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर आयोजित की जा रही है और यह एक ऐतिहासिक रैली होगी. पंकज तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में यह लड़ाई लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लड़ी जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोटों की चोरी और मतदाता सूची में हेराफेरी की शिकायतें सामने आ रही हैं. उनके अनुसार, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया के दौरान आम लोगों को दस्तावेजों के प्रमाण जुटाने और नोटिस के जवाब देने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के सवालों से घबराकर तरह-तरह के प्रचार का सहारा ले रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और देश की जनता ने ऐतिहासिक रूप से लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष किया है. पंकज तिवारी ने झारखंड के लोगों से दिल्ली पहुंचकर रैली में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.