लातेहार।गुरुवार को जिले में करवा चौथ का व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया. इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने पति की लंबी आयु एवं सुख-समृद्धि की कामना की. शाम को महिलाओं ने चंद्रमा के दर्शन एवं पूजन के बाद व्रत का पारण किया. शहर के श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की पूजा-अर्चना की. मंदिर के पुजारी रामेश्वर पांडेय ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई. उन्होंने कहा कि करवा चौथ हिंदू सनातन परंपरा में सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है. इस दिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर श्रद्धापूर्वक व्रत रखती हैं. उन्होंने बताया कि चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत का समापन किया जाता है.पूजा के दौरान मंदिर परिसर में महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया. महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनी और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया.