बालूमाथ (लातेहार)। वन क्षेत्र के मारंगलोइया पंचायत अंतर्गत विशुनपुर जंगल में मिले जंगली हाथी के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद वन विभाग की निगरानी में विधिवत जमीन में दफना दिया गया. घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार विशुनपुर जंगल में जंगली हाथी का शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और संबंधित चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया गया, ताकि उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जा सके. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत गड्ढा खोदकर हाथी के शव को जमीन में दफना दिया गया. पूरी कार्रवाई वन विभाग की निगरानी में संपन्न हुई. इस दौरान रांची से आई चिकित्सक टीम के साथ बालूमाथ रेंजर नंद कुमार मेहता, वनपाल आनंद चौधरी, वन क्षेत्र के इंचार्ज कैलाश साव, चिकित्सक डॉ. गणेश राम महली, डॉ नीलिमा तिर्की तथा चकला नगर एरिया के थानेश उरांव सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे. फिलहाल हाथी की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी.