लातेहार। अक्षय नवमी के अवसर पर स्थानीय लोगों ने शहर के तपा पहाड़ में जाकर आवंला पेड़ के नीचे बैठ कर भगवान विष्णु व शंकर की पूजा की और कथा का श्रवण किया. इसके बाद सामूहिक वनभोज भी किया. पंडित त्रिभुवन पांडेय ने बताया कि कार्तिक माह की अक्षय नवमी को आंवला नवमी भी कहा जाता है. यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है. इस दिन आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर भगवान विष्णु की पूजा और कथा श्रवण का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने आंवला वृक्ष में निवास किया था. इसलिए आंवले के पेड़ की पूजा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है. इस दिन लोग वन भोज करते हैं और आंवले के पेड़ के नीचे भोजन ग्रहण करते हैं. आंवला खाने और दान करने से स्वास्थ्य लाभ और सुख-समृद्धि मिलती है. यह पर्व प्रकृति के प्रति श्रद्धा और आभार प्रकट करने का प्रतीक है. अक्षय नवमी के मौके पर तपा पहाड़ व तपोवन पार्क में मेला सा दृश्य देखा गया.