लातेहार। चार अप्रैल को लातेहार जिला स्थापना दिवस है. इसे ले कर तीन अप्रैल को रेडक्रॉस सोसायटी, लातेहार के द्वारा ब्लड बैंक, लातेहार में स्वेच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में रेडक्रॉस सोसयटी, लातेहार के सचिव जावेद अख्तर ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया.
Advertisement
शिविर में कुल आठ यूनिट रक्त संग्रह किया गया. रक्तदान करने वालों में कोषाध्यक्ष विशाल चंद्र साहू उर्फ मिंकू, दीपक कुमार, अक्षय कुमार, विवेक कुमार, पंकज ठाकुर, बिजेंद्र उरांव व मो शमीम का नाम शामिल है. शिविर को संबोधित करते हुए स्टेट कमिटि सदस्य सुशील कुमार अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान महादान है. हर स्वस्थ्य व्यक्ति हर 90 दिनों के अंतराल में रक्तदान कर सकता है. उन्होने कहा कि रक्तदान करने से कई बीमारियों का पता पहले ही चल जाता है.
रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति ने रक्तदान जैसे पुनित कार्य में सहयोग करने की अपील जिला वासियों से की. उन्होने कहा कि आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी की जान बचा सकता है.
Advertisement
मौके पर ब्लड बैंक की प्रभारी चिकित्सक डा धर्मशीला चौधरी ने कहा कि ब्लड बैंक के द्वारा रोगियों को रक्त उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाता है. जिले में कई थैलेसेमिया के मरीज हैं, उन्हें हर महीने रक्त उपलब्ध कराना रहता है. लेकिन रक्त का संग्रह रक्तदान कर ही किया जा सकता है. उन्होने लोगों से अधिक से अधिक संख्या मे रक्तदान करने की अपील की. रक्त संग्रह ब्लड बैंक के तकनीकि सहायक बिनय कुमार सिंह ने किया. मौके पर रेडक्रॉस सोसायटी के भानू प्रताप सिंह व विष्णुदेव कुमार आदि मौजूद थे.