लातेहार: पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक, लातेहार कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ थाना क्षेत्र में छापामारी अभियान चला कर टीएसपीसी से जुड़े रोहन गंझू पिता करम गंझू उर्फ कर्मा गंझू को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार रोहन गांझू बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवा टोली, भगिया का रहने वाला है और पूर्व से कई कांडों में आरोपी रहा है. पुलिस अधीक्षक को मिली सूचचना के आधार पर गठित छापामारी दल ने भगिया से सरनवा जाने वाली सड़क के किनारे घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद की गई. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बालूमाथ, बारियातू एवं टंडवा थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं. इनमें बारियातू थाना कांड संख्या 70/2024, 71/2024, 39/2025 और 09/2026 तथा बालूमाथ थाना कांड संख्या 73/2026 शामिल हैं. छापामारी अभियान में बालूमाथ थाना प्रभारी पुअनि अनुभव सिन्हा के अलावा पुअनि देवेंद्र कुमार, धीरज कुमार सिंह, होसेन डांग, मनोज कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.