लातेहार। सामाजिक कार्यकर्ता व सह मजदूर नेता रवि कुमार डे ने कहा कि वर्षों से बंद सिकनी कोलियरी को खुलवाने की मांग को ले कर आगामी 28 सितंबर को सिकनी कोलियरी में रोषपूर्ण प्रदर्शन एवं धरना का आयोजन किया जायेगा. उन्होने कहा कि जिले की लाइफ लाइन मानी जाने वाली सिकनी कोलियरी पिछले दो वर्षों से बंद है. अब तक झारखंड सरकार को करोड़ों रूपये की आर्थिक क्षति हो चुकी है. सिकनी पर आधारित हजारों मजदूर, ट्रक ऑनर व इन पर आश्रित लोग बेरोजगार हो गये हैं. मजदूरों का घर चलाना मुश्किल हो गया है. कर्ज आदि ले कर ट्रक क्रय किये ऑनरों की ट्रक घर के सामने खड़ी हो गयी है. उन्होने कहा कि झारखंड राज्य खनिज विकास निगम के पदाधिकारियों की लापरवाहियों के कारण ही सिकनी कोलियरी दो माह से बंद है. वहीं मजदूर संघ के अध्यक्ष सतेंद्र यादव ने कहा कि निगम के अधिकारियों के उदासनीता के कारण ही आज सिकनी कोलियरी दो माह से बंद है. उन्होने 28 सितंबर को आहुत रोषपूर्ण प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की. इससे मजदूरो के साथ एक बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी.