लातेहार। जिले के कलाकारों ने सीटीएमएस (कल्चरल ट्रूप मेनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल को फिर से चालू कराने की मांग सरकार से की है. गौरतलब है कि कि झारखंड सरकार के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के द्वरा वृद्ध, गंभीर रूप से बीमार और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों के लिए मासिक निवृत्तिका योजना लाया गया है. इस योजना के तहत ऐसे कलाकारों को चार हजार रूपये प्रतिमाह पेंशन दी जायेगी. इस योजना का लाभ लेने के लिए कलाकारों से आवेदन मांगे गये हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है. लेकिन आवेदन करनेे के लिए सभी आवेदकों का सीटीएमस पार्टल में पंजीकरण आवश्यक है. बता दें कि प्रदेश मे ऐसे सैकड़ों कलाकार हैं जिनका सीटीएमएस पोर्टल में निबंधन नहीं है. पिछले 20 सितंबर 2025 से ही सीटीएमएस पोर्टल बंद है, कलाकार पोर्टल में अपना पंजीकरण नहीं कर पा रहे हैं. कहना गलत नहीं होगा कि ऐसे में सैकड़ों योग्य व अहर्ता रखने वाले कलाकार सरकार केे इस पेंशन योजना से वंचित रह जायेगें. यही कारण है कि प्रदेश के कलाकार सीटीएमएस पोर्टल को चालू कराने की मांग कर रहे हैं. इस योजना का लाभ लेने के लिए सामान्य श्रेणी में कलाकारों के लिए न्यूनतम आयु 60 वर्ष निर्धारित है. जबकि गंभीर रूप से बीमार व स्थायी रूप से दिव्यांग किसी भी उम्र के कलाकार इस पेंंशन योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. कला क्षेत्र में जिला स्तर या उससे उपर की मान्यता प्राप्त आवश्यक है.