बरवाडीह (लातेहार)। स्थानीय शांति निकेतन पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक सीमा गुप्ता, निदेशक डॉ. पवन कुमार, प्रधानाचार्य शांतनु डे एवं वरिष्ठ शिक्षक उमाशंकर उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. समारोह में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाटक समेत विभिन्न रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी. बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया. विद्यालय के निदेशक डॉ. पवन कुमार ने शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते दौर में बच्चों को केवल साक्षर बनाना पर्याप्त नहीं है. उन्हें संवेदनशील, जागरूक, जिम्मेदार और बेहतर नागरिक के रूप में तैयार करना आज शिक्षा जगत की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि पारंपरिक शिक्षण व्यवस्था की सीमाओं से आगे बढ़कर बच्चों की मानसिकता, रुचि और आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप सकारात्मक एवं जीवंत शैक्षणिक वातावरण तैयार करें. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं. समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.