लातेहार
भाजपा जिला अध्यक्ष ने केंद्रीय राज्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, जन समस्याओं से अवगत कराया

लातेहार। भारतीय जनता पार्टी, जिला लातेहार के जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को लातेहार जिले की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है. उन्होने अपने ज्ञापन में लातेहार नगर पंचायत एवं जिले की प्रमुख समस्याओं की ओर मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया. ज्ञापन में नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान, नाली एवं सड़क निर्माण, आधुनिक ठोस अपशिष्ट (सॉलिड वेस्ट) प्रबंधन संयंत्र की स्थापना, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के अधिक से अधिक पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, केंद्रीय संस्थाओं के माध्यम से आधारभूत संरचना का विकास, तथा ऐतिहासिक पलामू किला के पुनर्विकास एवं पर्यटन के रूप में विकसित करने की मांग की. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की जाएगी. मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे और जिला मंत्री मुकेश कुमार पांडेय मौजूद थे.



