लातेहार। केंद्रीय विद्यालय, लातेहार के प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के नाम पर गूगल प्ले स्टोर पर चल फर्जी व अनाधिकृत ऐप्स से दूर रहने की सलाह दी है. उन्होने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार गूगल प्ले स्टोर पर “KVS SAMAGAM” और “KVS Samvaad – Parent Connect App” के नाम से कुछ फर्जी और अनधिकृत (Unauthorized) ऐप्स चल रहे हैं. जारी निर्देश में बताया गया है कि केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के द्वारा अभी तक ऐसा कोई भी आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च नहीं किया गया है. उन्होने बताया कि “KVS SAMAGAM” सेवा केवल इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://samagam.kvs.gov.in/ पर ही उपलब्ध है. प्राचार्य ने कहा कि इन अनधिकृत ऐप्स को डाउनलोड करने से आपके डेटा का दुरुपयोग और साइबर धोखाधड़ी (Cyber Fraud) हो सकती है. प्राचार्य श्री सिंह ने प्ले स्टोर से केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) से संबंधित कोई भी ऐप डाउनलोड नहीं करने और ना ही उन पर अपना पंजीकरण कराने की अपील की है. उन्होने अपनी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने की अपील की है.