लातेहार। राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम को 36 वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का संरक्षक बनाया गया है. यह प्रतियोगिता झारखंड के बोकारो में आगामी 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित की जायेगी. इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से तकरीबन 600 खिलाड़ियों एवं अन्य प्रतिभागी शामिल होगें. लातेहार जिला कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कृष्ण कुमार यादव ने यह जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड में राष्ट्रीय स्तर की बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इस आयोजन से झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा और संगठनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. उन्होने कहा कि राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम का प्रतियोगिता के संरक्षक के रूप में जुड़ना लातेहार के लिए गौरव की बात है. श्री यादव ने बताया कि कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन बिपिन कुमार सिंह, अध्यक्ष गोपाल ठाकुर एवं टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी दी तथा इस अवसर पर आमंत्रित किया. श्री यादव ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कबड्डी से दूर लातेहार जिले के खिलाड़ियों एवं टेक्निकल ऑफिशियल ने झारखंंड के साथ राष्ट्रीय स्तर पर एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया अंतर्गत आयोजनों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. इसमें नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल में जिले से कृष्ण कुमार यादव एवं अनुज राम, नेशनल कोच में कृष्ण यादव एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में प्रियंका कुमारी एवं रूपा कुमारी, नेशनल प्रतियोगिताओं में धनिता कुमारी, प्रियंका कुमारी, बिनीता कुमारी, अन्नू कुमारी, अनुज राम, कृष्ण कुमार यादव, संदीप उरांव इत्यादि दर्जनों खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में झारखण्ड राज्य का प्रतिनिधित्व किया है. लातेहार जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव आनंद सिंह, उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह, सह सचिव एवं जिला कोच अनुज राम सहित सभी खिलाड़ियों ने राज्यसभा सांसद श्री राम को बधाई दी है.