लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में लाई-पैलापाथल स्थल पर पुनर्वास के संबंध में समीपवर्ती गांवों के ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में पलामू टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवस्थित कुजरूम एवं लाटू गांव के ग्रामीणों के पुनर्वास को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. इन गांवों के पुनर्वास हेतु सरयू प्रखंड अंतर्गत चोरहा पंचायत के लाई एवं पाइलापाथल गांव में प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर पुनर्वासित होने वाले परिवारों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया. उपायुक्त ने कहा कि पुनर्वास प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए. पुनर्वास स्थल पर सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए. बैठक के दौरान पाइलापाथल गांव के ग्राम प्रधान उपस्थित नहीं थे. उपायुक्त ने उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों से पुनर्वास की प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुनर्वास एक संवेदनशील विषय है, जिसमें सभी पक्षों के सहयोग एवं आपसी समन्वय से ही बेहतर समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपत्ति होने पर उसे प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि नियमानुसार उसका समाधान किया जा सके. उन्होंने सभी से शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की. बैठक में ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों से भी पुनर्वास स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से संबंधित सुझाव प्राप्त किए गए. बैठक में उप निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना, उतरी प्रमंडल, कोर एरिया, कुमार आशीष, अपर समार्हता, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुण्डरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, एसडीपीओ महुआडांड, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गारू, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सरयू, अंचल अधिकारी गारू, सांसद प्रतिनिधि विवेकानंद गुप्ता, मनिका विधायक प्रतिनिधि सुनील प्रसाद एवं संबंधित प्रखंड प्रमुख, ग्राम प्रधान उपस्थित थे.