लातेहार। बीते सोमवार की रात्रि रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कसियातू जंगल में क्रैश हो गई. इस दुर्घटना में पायलट कैप्टन विवेक भगत (26) समेंत सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई. विवेक भगत मूलत: लातेहार जिला के थे. उनका पैतृक आवास लातेहार थाना क्षेत्र के आरागुंडी पंचायत के पांडुका गांव में है. घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम विवेक भगत के पैतृक आवास पहुंचे. उन्होंने उनके पिता एवं अन्य परिजनों को सांत्वना दी . उन्होंने घटना पर शोक प्रकट करते हुए इसे समाज के लिए एक क्षति बताया. बता दें कि विवेक की प्रारंभिक शिक्षा रांची के सन थॉमस में हुई थी. उसके बाद विशाखापट्टनम चैनल चैतन्य अकेडमी से प्लस टू (साइंस) से पढ़ाई की. पहले पायलट की ट्रेनिंग कानपुर में ली. उसके बाद दो महीने के लिए साउथ अफ्रीका में जाकर अपना पायलट का प्रशिक्षण पूरा किया. वर्ष 2022 में रेड बर्ड प्राइवेट कंपनी जॉइन किया था. छह माह पहले ही कैप्टन के पद पर उनका का प्रमोशन हुआ था. परिजनों ने बताया कि उनके बचपन के दोस्त उदय नारायण की रांची में सगाई होने वाली है और उसमें हिस्सा लेने के लिए विवेक 27 फरवरी को रांची स्थित आवास पर आने वाले थे. विवेक की एक छोटी बहन अनु अभिलाषा भगत है. वह त्रिपुरा में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है. विवेक भगत के पिता देवसहाय भगत ग्रामीण कार्य विभाग, चतरा के कार्यपालक अभियंता है. उनके चाचा अनिल भगत रेलवे में इंजीनियर हैं, विनोद भगत खूंटी में टीचर हैं और प्रदीप भगत भुरकुंडा में माइनिंग इंजीनियर है. घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मुनेश्वर उरांव, अंकित पांडेय, रंजीत कुमार आदि मौजूद थे.