लातेहार
योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी तरीके से करें: डीसी

लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, गव्य विकास एवं सहकारिता विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में वर्षापात की स्थिति, बीज वितरण, बिरसा फसल विस्तार योजना वर्ष 2026-27 की प्रगति, कृषक प्रशिक्षण, फसल उत्पादन कार्यक्रम, केंद्र प्रायोजित योजनाओं तथा सॉयल हेल्थ एवं फर्टिलिटी (मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता) कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकाधिक किसानों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, झारखंड राज्य मिलेट्स मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) एवं फसल बीमा समेत अन्य संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर उपायुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया. समीक्षा के दौरान बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित पाए गए वैज्ञानिक के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई. संबंधित वैज्ञानिक को बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लाभुकों के बीच पशु वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. पशुधन योजना अंतर्गत अभी तक हुए प्रगति की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित सभी योजनाओं के संचालन के लिए लक्ष्य को पूर्ण करने और जन कल्याण के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी इन योजनाओं को शत प्रतिशत ग्रामीणों तक पहुंचा कर उन्हें इसका लाभ देने की बात कही. उपायुक्त ने पशुओं के नियमित टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति बढ़ाने तथा पशुपालकों के बीच अधिकाधिक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. सहकारिता विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में निर्माणाधीन गोदाम, लैंप्स में निर्मित गोदाम की अद्यतन स्थिति, गत माह तक निबंधित समितियों की संख्या, सौर ऊर्जा व विद्युत ऊर्जा चालित कोल्ड रूम की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति एवं लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया. बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चा, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुषमा प्रधिया, जिल जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला गव्य विकास पदाधिकारी हरि कृष्ण, जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो एवं संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे
.



