लातेहार। जिला मुख्यालय के बाजारटांड़ और इससे सटे बानपुर इलाके में पिछले 30 घंटों से बिजली नहीं है. लगतार इतने घंटों से बिजली नहीं रहने के कारण इन इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उस पर लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है. लंबे समय तक बिजली नही रहने के कारण लोगों के घरों के इन्वर्टरों ने भी जवाब दे दिया है. पूरा इलाका अंधेरे में डुबा है. लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं. सबसे अधिक परेशनी पानी की हो रही है. बिजली नहीं रहने के कारण मोटर नहीं चल पा रहा है, इस कारण पानी की टंकियां खाली पड़ी है. बिना पानी के लोगों के दैनिक दिनचर्या गड़बड़ा गया है. दीगर बात यह हैै कि बाजारटांड़ इलाके में ही फायर ब्रिगेड का कार्यालय है और अगर कहीं अभी इमरजेंसी हो जाये तो फायर ब्रिगेड के वाहन में भी पानी नहीं भरा जा सकेगा. स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफारमर में खराबी आ गयी है और इसकी सूचना विभाग को दी गयी है, लेकिन अभी तक विभाग ने इसकी सुधी नहीं ली है. इस संबंध में पूछे जाने पर कनीय विद्युत अभियंता विकास कुमार ने बताया कि बाजारटांड़ मेंं अधिष्ठापित ट्रांसफारमर जल गया है. उन्होने कहा कि अगले दो दिनो में नया ट्रांसफारमर लगा दिया जायेगा. इधर, स्थानीय लोगो ने इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है. मांग करने वालों में किशोर उपाध्याय, पंकज गुप्ता, परितोष ठाकुर आदि का नाम शामिल है.