बालूमाथ (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल परिसर में गुरुवार को लातेहार जिला परिवहन विभाग की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जांच एवं परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कुल 35 अभ्यर्थियों ने लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया में हिस्सा लिया. इनमें 30 अभ्यर्थियों का लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट लिया गया. जबकि पूर्व से स्लॉट बुक कराने वाले 5 अभ्यर्थियों ने स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ड्राइविंग टेस्ट दिया. कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला परिवहन विभाग से पहुंचे रजनीकांत, पंकज कुमार सिन्हा, अभिषेक सुमन एवं दिनेश लोहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. परिवहन विभाग कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले अभ्यर्थियों की आवश्यक कागजी प्रक्रिया एवं स्लॉट से संबंधित जानकारी का सत्यापन कराया. इसके बाद लर्निंग लाइसेंस के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत टेस्ट में शामिल कराया गया. इस दौरान उनसे यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सिग्नल और विभिन्न सड़क संकेतों से संबंधित सवाल पूछे गए. ताकि सड़क पर सुरक्षित वाहन परिचालन को लेकर उनकी जानकारी का आकलन किया जा सके. स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पहुंचे पांच अभ्यर्थियों की वाहन चलाने की क्षमता की जांच की गई. इस दौरान अभ्यर्थियों के ड्राइविंग कौशल, वाहन पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन से संबंधित पहलुओं का परीक्षण किया गया. पूरी प्रक्रिया को निर्धारित विभागीय दिशा निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया. साथ ही अभ्यर्थियों को लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया और सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक भी किया. मौके पर मौजूद विभागीय कर्मियों ने लाइसेंस प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया. इस आयोजन से बालूमाथ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय लातेहार जाने की परेशानी से राहत मिली.