लातेहार। एक अनजान गरीब व असहाय कक्षा नौ की छात्रा के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू ने रक्तदान कर मानवता की मिशाल पेश की है. न्यूज टाइम समाचार ग्रुप में की गयी छोटी की अपील पर डीइओ ने तुरंत रिस्पांस किया और खुद ब्लड बैंक पहुंच कर रक्तदान कर उस छात्रा की जीवन रक्षा की. बता दें कि जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय लातेहार की कक्षा नौ की छात्रा अंजलि कुमारी को बी पोजिटीव ग्रुप का एक यूनिट रक्त की नितांत आवश्यकता थी. ब्लड बैंक में इस ग्रुप का रक्त उपलब्ध नहीं था. चिकित्सकों ने उसके शरीर में खून की कमी बताई थी और परिजनों को तुरंत एक यूनिट ब्लड की व्यवस्था करने की बात कही थी. अंजलि सदर प्रखंड के ग्राम लेधपा,पंचायत बेंदी की रहने वाली है. उसके पिता संतोष सिंह का निधन करीब पांच वर्ष पहले हो चुका है. अपनी बीमार बेटी के लिए उसकी मां रक्त की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भाग-दौड़ कर रही थी. समाज में कई लोगों से गुहार लगा चुकी थी. ऐसे में डीइओ श्री साहू उसके लिए किसी देवदूत की तरह बन कर आये और रक्तदान कर उसकी बेटी की जीवन रक्षा की. अंजली की मां ने डीइओ का आभार प्रकट किया. डीइओ श्री साहू ने कहा कि रक्तदान महादान है. आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन रक्षा साबित हो सकता है. उन्होने समाज के प्रत्येक स्वस्थ्य एवं योग्य व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की.