लातेहार। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर उपायुक्त संदीप कुमार ने कैंडल मार्च को रवाना किया. इस दौरान उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई. कैंडल मार्च के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा इसके पूर्ण उन्मूलन का संदेश दिया गया. इस अवसर पर सभी ने बाल विवाह को रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया. इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जो बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करती है. इसके पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है. उन्होंने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करना और बच्चों को शिक्षा एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. कैंडल मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर कचहरी तक निकाला गया. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, मुख्यालय डीएसपी प्रदीप कुमार अन्य संबंधित पदाधिकारी, सेविका, सहायिका उपस्थित थे.