लातेहार। शुक्रवार को नर्सिंग कौशल कॉलेज, लातेहार में एएनएम के चौथे बेच के कैपिंग सेरोमनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त संदीप कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त ने एएनएम की छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग सेवा का क्षेत्र केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है. स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने छात्राओं को पूरी लगन, मेहनत एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया. उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए तकनीकी दक्षता के साथ-साथ संवेदनशीलता, अनुशासन और सेवाभाव भी आवश्यक है. उन्होंने छात्राओं को भविष्य में एक कुशल एवं जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी बनकर समाज और जिले की सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया.कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्रिंसिपल, शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी एवं एएनएम की छात्राएं उपस्थित थीं.