लातेहार। नगर पंचायत, लातेहार के द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र में हाउस-टू-हाउस कनेक्ट अभियान (घर-घर संपर्क अभियान) चलाया गया. इस अभियान के माध्यम से नगर पंचायत के कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों को ठोस कचरा प्रबंधन एवं कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया. नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखना स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है.इसके तहत गीले कचरे एवं सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में संग्रहित करने की जानकारी दी गई. रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे, जैसे सब्जियों एवं फलों के छिलके तथा अन्य गीले कचरे को हरे डस्टबिन में और कागज, प्लास्टिक, गत्ता, धातु एवं अन्य सूखे कचरे को नीले डस्टबिन में रखने के लिए प्रेरित किया गया. नगर पंचायत की टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों में ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करें तथा कचरे को इधर-उधर न फेंकें. घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित सफाई वाहन को ही सौंपें और नगर पंचायत द्वारा संचालित स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय सहयोग करें. उन्होने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है.