लातेहार। पिछले 24 नवंबर की रात्रि को जिले के गारू थाना क्षेत्र के सरयू- तेतरटोला में रामधनी उरांव का एक पिकअप वाहन ( जेएच-03 डब्ल्यू- 3871) को अज्ञात अपराधियों द्वारा जला देने की घटना को अंजाम दिया गया था. इस संबंध में गारू थाना कांड संख्या 25/26 बीएनएस की धारा 326(एफ) के तहत दर्ज की गई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रातू रोड (रांची) के शिव दुर्गा मंदिर लेन के पास से उक्त कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त अशोक कुमार यादव (26) सराढु, टंडा, चतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. आरोपी ने वाहन जलाने के कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की बोतल, माचिस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.