लातेहार। शहर के थाना चौक मे सदर थाना के बगल मे नगर पंचायत के द्वारा सब्जी विक्रेताओं को अपनी सब्जियां बेचने के लिए जगह मुहैया कराया गया. पहले येे सब्जी वाले फुटपाट और औरंगा नदी पुल पर सब्जियां बेचते थे, इससे सड़क जाम और दुर्घटनाओं की आशंका रहती थी. पिछले दिनों नगर पंचायत ने इन सब्जी विक्रेताओं को सदर थाना के चहारदिवारी के पास अवस्थित कांजी हाउस की खाली जमीन अस्थायी तौर पर उपलब्ध कराया है. हालांकि इससे पहले भी यहां सब्जियां बिकती थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तो यहां आने-जाने का रास्ता काफी संर्कीण है उस पर बरसात में बारिश का पानी रास्ते में जम गया है. इस कारण लोगों को वहां आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले सोमवार को फिसलन के कारण एक महिला यहां कीचड़ में गिर गयी थी. दुपहिया वाहनों से भी सब्जी मार्केट के अंदर जाना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों ने मार्केट में आने जाने के रास्ते को दुरूस्त कराने की मांग नगर पंचायत क कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन से की है. कई सब्जी दुकानदारों ने बताया कि यहां किसी प्रकार का कोई शेड नहीं है, लोग प्लास्टिक या तिरपाल लगा कर अपना कारोबार कर रहे हैं. बारिश के दौरान काफी परेशानी होती है. मुख्य रास्ता संर्कीण होने से टेंपो अंदर नहीं जा पाता है, इस कारण सब्जी उतार चढ़ाव में भी परेशानी होती है.