लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस मुख्यालय में ‘मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी’ का आयोजन किया गया. गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने द्वारा आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विधि व्यवस्था से सम्बंधित तैयारीयों की समीक्षा की. इसके अलावा बीते माह में घटित सभी महत्वपूर्ण अपराधों की गहन समीक्षा की गई एवं लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन हेतु सख्त निर्देश दिए गए. पुलिस अधीक्षक ने हत्या, लूट, बलात्कार, पोक्सो और यूडी कांडों की वर्तमान स्थिति,अब तक हुई गिरफ्तारियों और मामलों के उद्भेदन के लिए किए गए प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की. जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराध नियंत्रण, समकालीन अभियान के तहत की गई कार्रवाई और पिछले एक वर्ष से फरार अपराधियों, दागी पंजी तथा गृहभेदन के मामलों की समीक्षा कर उन्होने पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. तकनीकी एवं नागरिक सेवाओं के तहत लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन को जल्द से जल्दपूरा करने के निर्देश दिया गया. बैठक में ई-डीएआर एंट्री एवं मालखाना प्रभार की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी. सीइआइआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर की जा रही कार्रवाई की प्रगति जांची गई. इस गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार व विरेंद्र कुमार राम, पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार के अलावा अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं सभी शाखा के प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद थे.