परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दिया तनावमुक्त परीक्षा का संदेश
लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में कक्षा छह से 10 तक के छात्र और छात्राओं के लिए “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में उत्पन्न होने वाले तनाव को कम करना तथा उन्हें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में इस्कॉन, लातेहार के जनरल मैनेजर मधुसूदन मुकुंद दास उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश अत्यंत उपयोगी है. गीता के श्लोकों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया तथा कर्म, एकाग्रता, धैर्य और आत्मविश्वास के महत्व को समझाया. उन्होंने कहा कि परीक्षा को तनाव के रूप में नहीं, बल्कि अपनी तैयारी और क्षमता को प्रस्तुत करने के अवसर के रूप में देखना चाहिए। शांत मन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विद्यार्थी कठिन से कठिन लक्ष्य को भी प्राप्त कर सकते हैं. विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन परीक्षा का तनाव उनकी क्षमता पर हावी नहीं होना चाहिए. नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं. इस अवसर पर इस्कॉन के सदस्य अनुराग, रवि, सुमित, हंस अवतार दास, सिमरन महलका एवं प्रीति वर्मा उपस्थित रहे. उन्होंने भी विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच एवं तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया. श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों और प्रेरक संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं लक्ष्य के प्रति एकाग्रता का भाव जागृत हुआ.