लातेहार। लातेहार प्रखंड क्षेत्र में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन का भुगतान पिछले छह माह से लंबित रहने का मामला सामने आया है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी, लातेहार ग्रामीण पूर्वी के मंडल अध्यक्ष पिंटू कुमार रजक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन देकर पात्र लाभुकों की लंबित पेंशन राशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि पेंशन नहीं मिलने के कारण क्षेत्र के अनेक वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभुकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन की राशि उनके दैनिक जीवन-यापन, दवा-इलाज और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रमुख सहारा है। ऐसे में छह माह से भुगतान लंबित रहने के कारण जरूरतमंद लाभुकों की परेशानी बढ़ गई है। पिंटू कुमार रजक ने बीडीओ से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी पात्र लाभुकों की लंबित पेंशन राशि का जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।उन्होंने आवेदन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द पेंशन का भुगतान नहीं किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी, लातेहार चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त, लातेहार को भी सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई के लिए दी गई है।