लातेहार। जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव ने लघु सिंचाई विभाग के कनीय अभियंता मनीष कुमार की आईटीडीए में दोबारा प्रतिनियुक्ति नहीं करने की मांग की है. इसे ले कर उन्होने उपायुक्त, लातेहार को एक ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन में उन्होंने अभियंता के कार्यकाल में बारियातू, हेरहंज और चंदवा प्रखंड में संचालित योजनाओं की जांच कराने तथा उनकी संपत्ति की जांच कराने का भी अनुरोध किया है. विनोद उरांव ने आरोप लगाया है कि आईटीडीए में प्रतिनियुक्ति के दौरान कल्याण विभाग की कई योजनाओं में अनियमितता बरती गई. उन्होंने कुछ योजनाओं में बिना काम कराए राशि की निकासी करने और पुरानी योजनाओं के कार्यों को दिखाकर भुगतान लेने का आरोप भी लगाया है. श्री उरांव के अनुसार मनीष कुमार का मूल विभाग लघु सिंचाई प्रमंडल, लातेहार है. उन्होंने दावा किया कि अभियंता लंबे समय से आईटीडीए में प्रतिनियुक्त हैं. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि तत्कालीन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने 14 अगस्त 2025 को कार्यालय ज्ञापांक 380 के माध्यम से उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त की थी, लेकिन दो महीने के भीतर दोबारा प्रतिनियुक्ति हो गई. उन्होंने बताया कि वर्तमान उपायुक्त के ज्ञापांक 291/ 7 सितंबर 2026 के आदेश से भी प्रतिनियुक्ति समाप्त की गई है. इसके बावजूद दोबारा प्रतिनियुक्ति की संभावना जताते हुए उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की है.