लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान डीएमएफटी मद के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनावार जानकारी लेते हुए कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत हुए. समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि डीएमएफटी मद के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं का टेंडर फाइनल होने के उपरांत यदि संबंधित संवेदक द्वारा 15 दिनों के भीतर एकरारनामा नहीं किया जाता है, तो उसे दो बार स्पष्टीकरण देने के बाद संबंधित टेंडर रद्द करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीएमएफटी के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए. योजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए सभी कार्यों को पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया जाए. उन्होंने लंबित योजनाओं में तेजी लाने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी के माध्यम से जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी डीएमएफटी मेरी मड़की, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता, सबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.