lps
latehar-tuiris
carnival 1
alisha 4 6
झारखंडमहुआडांड़

प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह रबी कार्यशाला का आयोजन

कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी में किसानों ने दिखाया हुनर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित

महुआडांड़ (लातेहार)।   झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आत्मा एवं समेती सहाय्य अनुदान अंतर्गत महुआडांड़ प्रखंड में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह रबी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य एवं प्रखंड प्रमुख ने संयुक्त रूप से की। मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धति से खेती, विभागीय योजनाओं एवं रबी फसलों की बेहतर पैदावार के संबंध में जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा अणिमा लकड़ा, एसडीओ सुलेमान मुंडरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष बैठा, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार सिन्हा, सह वैज्ञानिक, जिला परिषद सदस्य एस्टेला नगेशिया, प्रखंड प्रमुख कंचन कुजूर तथा मुखिया रेणु तिग्गा, उषा खलखो एवं प्रमिला मिंज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों को नन्हे पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।कृषि मेले में किसानों को कृषि एवं उससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देने के उद्देश्य से कई विभागों एवं संस्थानों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इनमें जेएसएलपीएस का स्टॉल, जीरा फूल चावल, कल्याण गुरुकुल, जिला मत्स्य विभाग, जिला कृषि विभाग, एग्री क्लिनिक केंद्र महुआडांड़, जिला पशुपालन विभाग एवं जिला सहकारिता विभाग सहित अन्य स्टॉल शामिल थे। स्टॉल के माध्यम से किसानों को विभागीय योजनाओं, कृषि उत्पादों, स्वरोजगार एवं खेती से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गईं।मेले का मुख्य आकर्षण किसानों द्वारा उत्पादित फल, फूल, सब्जियों एवं अन्य कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी रही। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न किसानों ने अपने खेतों में उगाए गए बेहतर कृषि उत्पादों को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों ने अपनी मेहनत और कृषि के प्रति रुचि का परिचय दिया। उत्कृष्ट उत्पाद एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे किसानों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा अणिमा लकड़ा ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए खेत बचाओ अभियान, मिशन फसल बीमा तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कृषि के साथ-साथ किसानों को उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र बालूमाथ के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार सिन्हा ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार उर्वरकों का संतुलित एवं सीमित मात्रा में उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बिना आवश्यकता के अधिक उर्वरक का इस्तेमाल करने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है। इसलिए किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर ही खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए, ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बेहतर हो सकें।कृषि विज्ञान केंद्र बालूमाथ के सह वैज्ञानिक ने भी किसानों को मिट्टी की जांच के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मिट्टी से उत्पन्न होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके कारणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही फसलों को रोगमुक्त रखने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।इसके अलावा आत्मा विभाग के उप परियोजना निदेशक ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों को कृषि के क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने तथा पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों को जोड़ने की आवश्यकता बताई।कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी समस्याओं पर जानकारी प्राप्त की और विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रखंड कृषि पदाधिकारी रंजीत यादव, सहायक तकनीकी प्रबंधक रौशन कुजूर, वीएलडब्ल्यू सुमित कुमार सिन्हा सहित कृषक मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!