लातेहार। जिले के चंदवा प्रखंड के कामता पंचायत के भंडारगढ़ा गांव निवासी होमगार्ड जवान राजकुमार गंझू का निधन इलाज के दौरान हो गया है. वे बालूमाथ स्थित सीसीएल के तेतरियाखाड़ परियोजना में तैनात होमगार्ड के रूप में तैनात थे. उनके निधन के बाद परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है. इसे देखते हुए आश्रित परिवार को उचित मुआवजा और अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग उठने लगी है. मिली जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान राजकुमार गंझू अचानक मूर्छित होकर गिर पड़े थे. इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. राजकुमार गंझू अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है. उनकी असमय मृत्यु से परिवार के सामने बच्चों की परवरिश और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य अयुब खान भंडारगढ़ा गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि सीसीएल के तेतरियाखाड़ परियोजना में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड जवान की मृत्यु के बाद भी अब तक सीसीएल प्रबंधन की ओर से परिवार को कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई है. वहीं, होमगार्ड जवानों की तैनाती करने वाली एजेंसी ने परिजनों को 10 हजार रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया है.।अयुब खान ने संबंधित होमगार्ड एजेंसी और प्रबंधन से मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए दिवंगत जवान के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा परिवार के किसी योग्य सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शीघ्र सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है. इस दुखद घटना पर होमगार्ड जवानों के जिला सचिव श्यामनंदन पासवान सहित नरेश गंझू, नारायण सिंह, बैजनाथ साव एवं राजू कुमार गंझू ने भी शोक व्यक्त किया. सभी ने दिवंगत जवान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई.