लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में ईंट भट्ठे में काम करने गए लातेहार जिले के छह मजदूरों को बंधक बनाकर रखने एवं उनके साथ मारपीट किए जाने से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत में बताया गया था कि लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाटोली गांव के छह मजदूर जिसान पवरिया, नैमा खातुन, सदिना खातुन, बाबुलाल, झुबली खातुन, तकली खातुन बिहार के वैशाली जिले के रामपुर स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी का कार्य करने गए थे. आरोप था कि ईंट भट्ठा मालिक द्वारा उन्हें बंधक बनाकर रखा गया है तथा उनके साथ मारपीट की जा रही है. साथ ही उन्हें अपने घर वापस आने भी नहीं दिया जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त शसंदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराने एवं वापस लाने का निर्देश दिया. उपायुक्त के निर्देश के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह मजदूरों को मुक्त कराकर सुरक्षित वापस लाया गया. 27 नवंबर को उपायुक्त ने मुक्त कराए गए सभी मजदूरों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मजदूरों का हालचाल जाना तथा उन्हें कंबल प्रदान किए. उपायुक्त ने मजदूरों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके हितों एवं सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है तथा किसी भी प्रकार के शोषण और उत्पीड़न की स्थिति में प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है.