लातेहार। जिले में शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न हो गई. परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले में कुल 2080 अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया था. इनमें से 1703 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 377 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों में 959 छात्र और 744 छात्राएं शामिल थीं. कुल 81 प्रतिशत बच्चों ने परीक्षा दिया. वहीं अनुपस्थित परीक्षार्थियों में 202 छात्र और 175 छात्राएं थीं. जिले के सभी नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया गया. जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू समेत अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. परीक्षा केंद्रों में राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, बरवाडीह, संत स्टेनिस कॉलेज, लातेहार, सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार, जकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, बालूमाथ, राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, चंदवा, उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, गारू, संत तरेसा बालिका उच्च विद्यालय, महुआडांड़; परियोजना +2 उच्च विद्यालय, बारियातू एवं उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, हेरहंज शामिल हैं. परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे.