लातेहार। सदर थाना परिसर में होली,रमजान व रामनवी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी ने की. मौके पर अंचलाधिकारी नंदकुमार राम, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा, पुलिस निरीक्षक रामाकांत गुप्ता के अलावा कई गणमान्य लोग मौजूद थे. बैठक में बीडीओ श्री तिवारी ने कहा कि होली प्रेम और भाईचारे का पर्व है, इसे मिल-जुलकर मनाने की परंपरा बनाए रखना चाहिए. उन्होने डीजे पर अश्लील गाने नहीं बजाने की सख्त हिदायत दी. कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी. अंचल अधिकारी श्री राम ने कहा कि पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की आशंका हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें.थाना प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि होली के दौरान उपद्रव करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस टीम लगातार गश्त करेगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने लोगों से होली को पारंपरिक तरीके से हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. बैठक के बाद लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा कर होली की शुभकामनायें दी. मौके पर समाजसेवी असीम कुमार बाग, ललित पांडेय, पिंटू रजक, मोहर सिंह यादव, मुखिया रामजी सिंह, रामदयाल उरांव, कन्हाई पासवान, श्रवण पासवान, उषा देवी आदि मौजूद थे.