लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में उपायुक्त ने अवैध खनन, परिवहन व भंडारण की रोकथाम के लिए पूर्व के बैठक में लिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया. बैठक में जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी ने बताया कि 27 सितंबर से अब तक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध 60 निरीक्षण किए गए हैं. इनमें 35 वाहनों को जब्त कर दो प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा नौ लाख 33 हजार रुपए जुर्माना राशि की वसूली की गई है. उपायुक्त ने जिला अंतर्गत अवैध खनन भंडारण एवं परिवहन रोकने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों , थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से औचक छापेमारी करने एवं इसमें संलग्न व्यक्तियों पर कारवाई करने का निर्देश दिया. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरवने पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र में एक भी वाहन से अवैध खनन नहीं होने देना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने दोषियों को पकड़ते हुए तुरंत उन पर एफआईआर दर्ज करने एवं संबंधित पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बैठक में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन के अलावा जिले के सभी अंचल अधिकारी, कोल कंपनियों के अधिकारी ,प्रतिनिधि, अन्य संबंधित पदाधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित थे.