Untitled-1 copy
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
IMG-20260829-WA0019
झारखंड

सदर अस्पताल में डायलिसिस व्यवस्था पर उठे सवाल, मरीजों ने सांसद प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन

लातेहार। सदर अस्पताल, लातेहार में डायलिसिस व्यवस्था को लेकर मरीजों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. डायलिसिस कराने वाले मरीजों ने चतरा सांसद कालीचरण सिंह को संबोधित एक ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि ( स्‍वास्‍थ्‍य) डॉ. चंदन सिंह को सौंपा है. ज्ञापन में उन्‍होने अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. आवेदन में स्‍थानीय लोगों ने बताया कि  यहाँ डायलिसिस के लगभग 24 से 25 मरीज हैं, जबकि अस्पताल में केवल तीन डायलिसिस मशीनें उपलब्ध हैं. आरोप है कि इनमें से एक मशीन लंबे समय से खराब रहने के कारण केवल दो मशीनों पर ही डायलिसिस कराया जा रहा था. इससे छह से सात मरीजों का डायलिसिस पूरा करने में 16 से 18 घंटे तक का समय लग जाता है, जिससे मरीजों के साथ-साथ टेक्नीशियनों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सांसद प्रतिनिधि डॉ. चंदन सिंह ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व मरीजों ने उन्हें फोन कर डायलिसिस मशीन खराब होने और उपचार प्रभावित होने की जानकारी दी थी. इसके बाद उन्होंने तत्काल अस्पताल की डीएस से बात कर समस्या के समाधान का आग्रह किया था. उन्होंने कहा कि लगातार मरीजों से शिकायतें मिलने के बाद उन्होंने स्वयं अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.  जांच के दौरान मरीजों की शिकायतें सही पाई गईं. उन्होंने कहा कि मरीजों द्वारा सौंपे गए आवेदन को सांसद तक पहुंचाया जाएगा ताकि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके.  मरीज बाली मिस्त्री, शिवशंकर सिंह, रामकली कुमारी, सविता कुमारी, शाहिद अफरीदी सहित अन्य मरीजों ने भी पत्रकारों को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए डायलिसिस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की.

क्‍या कहते हैं टेक्निशियन

डायलिसिस टेक्नीशियन रमेश प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में तीन मशीनें हैं, जिनमें से एक मशीन खराब है. साथ ही दो टेक्नीशियन में से एक छूट्टी  पर होने के कारण अकेले कार्य करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों का समय पर डायलिसिस कराना चुनौतीपूर्ण हो जाता है.

क्या कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो ने बताया कि अस्पताल की तीन डायलिसिस मशीनों में से एक मशीन खराब हो गई थी, जिसकी मरम्मत करा दी गई है. उन्होंने कहा कि अब तीनों मशीनें सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं.

Ashish Tagore

Bureau Head Shubhamsanwad.com 9471504230/9334804555

Ashish Tagore

Bureau Head Shubhamsanwad.com 9471504230/9334804555

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!