लातेहार। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 14 अप्रैल से दो दिवसीय संभाग स्त्रीय कुश्ती खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया. प्रतियोगिता का उदघाटन समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) के निदेशक प्रवीण कुमार गगराई ने किया. अपने संबोधन में उन्होने कहा कि बच्चों के लिए शारीरिक श्रम भी आवश्यक है. आज मोबाइल व सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जमाने में बच्चे शारीरिक खेलकूद की ओर बहुत कम ध्यान देते हैं. बच्चों के लिए खेलकूद भी आवश्यक है. उन्होने प्रतिभागियों को बेहतर प्रर्दशन के लिए शुभकामनायें दी. उन्होने खेल प्रारंभ करने की घोषणा की. कार्यक्रम की शुरुआत में बजरंगबली की पूजा व नारियल फोड़कर की गई. प्राचार्य आर पासवान ने कहा कि इस प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार और बंगाल के विभिन्न नवोदय विद्यालयों के 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया है. इससे पहले पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य व गीत से अतिथियो का स्वागत किया गया. कार्यक्रम माइग्रेशन से आई आसाम की छात्राओं ने बिहू नृत्य प्रस्तुत किया. आसामी नृत्य ने सबों का मन मोह लिया. कक्षा 10 वीं की छात्राओं ने नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किया. मंच का संचालन सुमंत कुमार साव ने किया. इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक सुखराम भगत, कमलेश कुमार मिश्र, धीरेंद्र कुमार, राकेश कुमार सक्सेना, सुकेश कुमार, निहारिका साह, संदीप ओझा के अलावा अन्य सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बच्चे उपस्थित थे. इस अवसर पर सदर अस्पताल लातेहार के चिकित्सक और कर्मचारियों के द्वारा चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया.