लातेहार
एसएसबी की 32 वीं बटालियन ने शुरू किया 25 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम

लातेहार। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी के द्वारा 25 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. बटालियन के कमाडेंट राजेश सिंह के नेतृत्व में 11 सितंबर को नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ई-समवाय, पंचायत सचिवालय मायापुर प्रखंड गारू के बारेसांढ में 25 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम के शुभारंभ के मौेके पर डिप्टी कमांडेंट हिमांशु राठौर, सहायक कमांडेंट अभिषेक गौरव व रविंद्र सिंह थाना एसएचओ बारेसाढ राजीव रंजन, मायापुर के ग्राम प्रधान अनुज तिर्की, रंजीत कुमार तथा वीएलई रिंकू सिंह, प्रशिक्षक मो राशिद खलीफा आदि मौजूद थे. अतिथियों द्वारा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की गई तथा इसे ग्रामीण युवतियों के लिए अत्यंत उपयोगी, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी पहल बताया गया. इस शिविर में गारू प्रखंड बारेसांढ, तिलाईटांड, देरहागांव, रामसेली, मायापुर, बागडेगवा एवं पहाड़कोचा सहित आसपास के क्षेत्रों से आई कुल 32 महिला प्रतिभागी भाग ले रही हैं. कमांडेंट श्री सिंह ने बताया कि सिलाई प्रशिक्षण घरेलू कार्यों के साथ-साथ स्वरोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा. आगे कह कि सशस्त्र सीमा बल द्वारा नक्सल प्रभावित एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास सुनिश्चित करने हेतु निरंतर नागरिक कल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, कौशल विकास, उन्नत कृषि तकनीकों का प्रसार, महिला सशक्तिकरण, बौद्धिक विकास कार्यक्रमों के साथ-साथ मानव एवं पशु चिकित्सा शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है.प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को सिलाई व सिलाई मशीन की आधारभूत जानकारी दी जायेगी. इसके अलावा माप लेना एवं पैटर्न निर्मा, कटिंग एवं सिलाई तकनीक, परिधान निर्माण, डिज़ाइन एवं सजावट, फिनिशिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण स्वरोजगार एवं उद्यमिता की जानकारी दी जायेगी.



